गोरखपुर।
कैंट पुलिस ने दो छात्रनेताओं सहित 14 लोगों पर मारपीट, लूटपाट और बलवा का केस दर्ज किया है। आरोपी छात्रनेता चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं। विवाद दस दिन पहले हास्टल गेट के पर हुआ था। पूरी वारदात सीसी कैमरे में कैद है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
कुशीनगर इलाके के बिहार बुजुर्ग निवासी नितेश कुमार राय विश्वविद्यालय में एमएड प्रथम वर्ष के छात्र हैं। बेलीपार इलाके के ऊंचा गांव में रहते हैं। वह 30 अगस्त की शाम चार बजे छात्रावास में रहने वाले मित्रों से मिलने गए थे। आरोप है कि हास्टल गेट पर छात्रनेता योगेश्वरनाथ पांडेय, मयंक कुमार राय ने अपने एक दर्जन से अधिक साथियों के साथ नितेश कुमार राय की पिटाई शुरू कर दी। उनके पास रखा नगदी, मोबाइल व चेन छीन लिया। पीड़ित ने सीओ कैंट से शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को छात्र नितेश राय ने वीडियो फुटेज के साथ ने एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी के निर्देश पर कैंट पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर कैंट मनोज पाठक ने बताया मामले की जांच चल रही हैं, आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।