गोरखपुर। कैंपियरगंज स्थित आश्रम में महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में पुलिस अब भी खाली हाथ है। घटना के आठ दिन बाद पुलिस ने अब पति की भूमिका के साथ ही हत्यारोपियों की तलाश शुरू की है। एसएसपी के आदेश के बाद बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। 31 दिसंबर की रात न्यू ईयर के जश्न के बीच ही कैंपियरगंज स्थित एक आश्रम में महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई।
लेकिन इस मामले में अब भी पुलिस की पुष्टि का इंतजार है। पुलिस की जांच में पति की भूमिका ही संदेह के घेरे में रही। पति और रिश्तेदारों से पूछताछ भी की गई। इन सब के बीच असल के हत्यारों की तलाश में पुलिस ने कम रुचि दिखाई। एसएसपी के घटनास्थल निरीक्षण और जांच कर रही टीम के मंथन के बाद अब आरोपियों की तलाश शुरू की गई है। एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया कि पति के भूमिका के साथ ही हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।