ऑटो की चपेट आईं दो छात्राएं, एक की मौत
सुबह टहलने निकली थीं, पिपराइच-सोनबरसा मार्ग पर इस्लामपुर में हुआ हादसा
गुलरिया इलाके में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आए युवक की जान गई
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पिपराइच इलाके में सुबह टहलने निकलीं दो छात्राएं ऑटो की चपेट में आ गईं। एक की मौत हो गई, दूसरी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। वहीं गुलरिहा इलाके में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से युवक की जान चली गई।
पिपराइच प्रतिनिधि के मुताबिक इस्लामपुर में शुक्रवार की सुबह छात्राएं सुबह टहलने निकली थीं। गोविंदपुर गांव के रहने वाले चिंकानू गौड़ की 16 वर्षीय बेटी दुर्गावती गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा थी। वह सहेली अंकिता के साथ टहलने निकली थी। पिपराइच-सोनबरसा मार्ग पर ऑटो की चपेट में आने से दुर्गावती दोनों घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल दुर्गावती की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। अंकिता को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर गुलरिहा थाना क्षेत्र के बेलवारायपुर टोला पोखर निवासी रमेश निषाद (22) की ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। वह बृहस्पतिवार की भोर में ट्रैक्टर पर बैठकर घर की ओर जा रहे थे। अचानक वह गिर गए और पहिया के नीचे दबकर मौत हो गई।