हादसे की सूचना के बाद मनीषा और अमृता के घर कोहराम मच गया
गोला बाजार/ गोपालपुर (गोरखपुर)। सरयू नदी में सोमवार को नहाने के दौरान डूब रही चार साल की भतीजी को बचाने के प्रयास में बुआ भी डूब गई। सहेली को डूबता देख बचाने गई दो अन्य किशोरियां भी डूबने लगीं, लेकिन लोगों ने उन्हें बचा लिया। बुआ-भतीजी का शव मिलने के बाद कोहराम मच गया। गोला थानाक्षेत्र के बारानगर गांव की मनीषा (17) अपनी भतीजी अमृता (4) और दो सहेलियों अल्का (16) तथा सजनी (10) के साथ नाव से सरयू में नहाने गई थीं।
नाव को मनीषा का रिश्तेदार संदीप चला रहा था। गोला की ओर गहराई अधिक होने के कारण मनीषा के कहने पर संदीप नाव को लेकर नदी के उस पार आजमगढ़ की ओर चला गया। भतीजी अमृता को नाव में छोड़कर सभी नहाने लगे। अचानक अमृता नाव से नीचे गिर गई और गहरे पानी में समाने लगी। भतीजी को डूबता देख मनीषा ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी नदी की धारा में बहने लगी।
मनीषा को बहता देख उसकी दोनों सहेलियां भी मदद के लिए गई और वे भी डूबने लगीं। चारों को डूबता देख संदीप ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण बचाने के लिए नदी में कूद गए। ग्रामीणोें ने अल्का और सजनी को तो बचा लिया, लेकिन मनीषा और उसकी भतीजी अमृता की मौत हो चुकी थी।
बुआ-भतीजी की मौत से घर में छाया मातम
गोरखपुर। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव के लोग हतप्रभ हो गए। सूचना पाते ही लोग नदी की तरफ पहुंच गए। मृतकों के घरवाले दहाड़े मारकर चिल्लाने लगे। अमृता की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। कई बार वह बेहोश भी हो गई।