हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसे व्यक्ति ने दम तोड़ा
बहादुरगढ़।
नजफगढ़ रोड फ्लाईओवर के पास पिछले सप्ताह हाइटेंशन लाइन की चपेट में आए व्यक्ति ने चार दिन बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली निवासी सुदर्शन ने कहा है कि इन दिनों नजफगढ़ रोड फ्लाईओवर के ऊपर रोड रिपेयरिंग का काम चल रहा है। उसका छोटा भाई राजीव भी उस काम में लगा हुआ था। गत 23 मई को राजीव जब फ्लाईओवर से नीचे उतर रहा था तो वहां से गुजर रही हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया। जहां से बाद में वे उसे दिल्ली के एक अस्पताल में ले गए। वहां चार दिन जूझने के बाद 27 को उसकी मौत हो गई। सुदर्शन का कहना है कि फ्लाईओवर के पास हाइटेंशन लाइन बिलकुल झुकी हुई है। बिजली निगम की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच करे। उधर, सेक्टर-9 चौकी प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
-