जालसाजी का शिकार युवक मुर्तजा।
- फोटो : Amar Ujala
सहजनवां में स्टेट बैंक में रकम जमा करने गए युवक को झांसे में लेकर जालसाजों में कागज की गड्डी थमा दी और एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए। उधर जालसाजी के शिकार युवक की ओर से लूट की सूचना देने से पुलिस दिन भर परेशान रही। बाद में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ करने से पता चला कि युवक लूट नहीं बल्कि जालसाजी का शिकार हुआ है। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से कागज की गड्डी मिल गई। इसके बाद उसने सही घटना की जानकारी दी।
बंगाल के नारायणपुर निवासी मुर्तुजा गीडा सेक्टर-23 स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरों का मेठ है। वह बुधवार को सुबह ग्यारह बजे के करीब एसबीआई शाखा में एक लाख रुपये जमा करने गया था। बैंक में सर्वर डाउन होने की वजह से इंतजार में बैठा था। इसी दौरान दो युवक आए और रकम दोगुना करने का झांसा देकर उसके पास रखा एक लाख रुपया ले लिया और रुमाल में बंधी कागज की गड्डी थमा दी।
मुर्तजा ने रुमाल खोलकर रकम देखनी चाही तो जालसाजों ने उसे अनहोनी का डर दिखाकर घर में रकम देखने और गिनने को कहा। बैंक के पास ही किराए का मकान लेकर रहने वाला मुर्तुजा ने घर जाकर रुमाल खोला, तो उसमें कागज की गड्डी मिली। इसके बाद थाने वह थाने पहुंचा और और पुलिस को लूट की कहानी सुना दी। एसओ सहजनवां रामज्ञा ने बताया कि जालसाजी हुई थी जिसे युवक ने लूट बताया था। मामले की जांच की जा रही है।