सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
- फोटो : Amar Ujala
खजनी के चतुरबंदुआरी में आयोजित ज्ञान सिंह पहलवान स्मृति यूपी केसरी कुश्ती प्रतियोगिता का रविवार को ज्ञान सिंह व्यायामशाला में गोंडा के सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने उद्घाटन किया। छह भार वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन कई पहलवानों ने प्रतिद्वंद्वियों को चारों खाने चित कर आगे की राह बनाई। फूर्ति और तकनीक के दम पर 48 किलोभार वर्ग में विनय पाल, नारद यादव, सर्वेश, शक्ति कुमार, श्याम कुमार और कृष्ण विजय ने विरोधियों को धूल चटाई। वहीं 57 किलोग्राम भारवर्ग में विशाल, कमलेश, हर्ष, अंकुर मेहरा, राजू गुप्ता और 86 किलोभार वर्ग में ऋषिकेश, करुणेश, श्याम नारायण ने मैच जीते।
मुख्य अतिथि ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि खेल को बढ़ावा देने के लिए सरकार को नेशनल स्तर पर हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को नौकरी प्रदान करनी चाहिए। मौजूद व्यवस्था के तहत नेशनल विजेता को ही खेल कोटे से नौकरी दी जाती है। इसे बदलना चाहिए, इससे कई विभागों में खाली पड़े पदों को भरा जा सकता है। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। इस दौरान विशिष्ट अतिथि सहजनवां विधायक शीतल पांडेय, एमएलसी देवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। कुश्ती के आयोजन में मनीष सिंह, प्रधान केशभान यादव, श्यामपाल, अभिषेक और दिनेश सिंह का सहयोग सराहनीय रहा। रेफरी की भूमिका पहलवान रमाकांत, जनार्दन, चंद्र विजय एवं गिरधारी पहलवान ने निभाई। संचालन क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंदमौली पांडेय ने किया।
आज मिलेगा यूपी केसरी, सीएम करेंगे सम्मानित
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खेलमंत्री चेतन चौहान 3:30 बजे विजेता पहलवानों को पुरस्कृत करेंगे। प्रतियोगिता में 48, 57, 65, 74, 86 और इससे ऊपर के वर्ग के पहलवान दांव आजमाएंगे। छह भार वर्गों के विजेता पहलवान को उत्तर प्रदेश केशरी का खिताब मिलेगा। इसके अंतर्गत 51-51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।