गोरखपुर। गोलघर स्थित काली मंदिर के पास कार सवार महिला को झांसा देकर उचक्के 50 हजार रुपये नगद और जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात पास की एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस उचक्कों की तलाश कर रही है।
मंगलवार को गोलघर निवासी अमन गुप्ता पत्नी अनुपमा के साथ लखनऊ जा रहे थे। अनुपमा ने अपने पर्स में नगदी और जेवरात रखे थे। काली मंदिर के पास अमन कार की स्टेपनी ठीक करा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक कार के पास पहुंचे। इनमें से एक उचक्का अनुपमा के पास पहुंचा। उसने उनसे कहा कि आप के रुपये गिर गए हैं। वह दरवाजा खोलकर बाहर निकली ही थीं कि इसी दौरान दूसरे उचक्के ने पीछे से उनका पर्स उड़ा दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस पांच से छह लोगों को घटना में शामिल बता रही है। महिला ने थाने मेें तहरीर दी है।