मधुपुर (गोरखपुर)। बड़हलगंज थानाक्षेत्र के शनिचरा पट्टी गांव के निकट एक महाविद्यालय के पास शुक्रवार की शाम करीब छह बजे सड़क हादसे में पूर्व प्रधान के भाई समेत तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर मधुपुर चौराहे से घर जा रहे थे। इस बीच अचानक हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के बीच उनकी बाइक वाहन की चपेट में आ गई। तीनों बाइक समेत सड़क किनारे खेत में जा गिरे। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। तीनों की मौत की सूचना के बाद उनके घर कोहराम मच गया।
क्षेत्र के शनिचरा पट्टी निवासी रामगति के प्रधान रह चुके हैं। उनके भाई रामसती (30) बंगलूरू में पेंट पालिश का काम करते थे। बृहस्पतिवार को वह गांव आए थे। शुक्रवार की शाम वह गांव के ही त्रिलोकी (18) और दयाराम (50) के साथ बाइक से मधुपुर चौराहे पर गए थे। कुछ सामान खरीदने के बाद तीनों घर लौट रहे थे। उसी दौरान बारिश और ओलावृष्टि होने लगी। बाइक एक वाहन की चपेट में आ गई। तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।