वन विभाग ने पकड़ी सागौन की लकड़ी से भरी गाड़ी
नगीना। नहर किनारे खड़े वन विभाग के सागौन के पेड़ काटकर दो चोरों को वन रक्षक की टीम ने महिंद्रा पिकअप में भरी लकड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। वन रक्षक ने छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। बृहस्पतिवार की शाम वनरक्षक रुचित चौधरी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वे नगीना से ग्राम कस्बा कोटरा की नहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग नहर के किनारे खड़े वन विभाग के सागौन के पेड़ काटकर गाड़ी में लादकर भागने लगे। रात का समय होने के कारण जब गाड़ी का पीछा किया गया तो ग्राम पुरैनी के पास सागौन की लकड़ी से भरी पिकअप को पकड़ लिया गया। वनरक्षक के अनुसार अकबराबाद निवासी चालक आलम, गांव दहीरपुर निवासी वसीम को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके चार साथी मौके से फरार हो गए।