चिलुआताल (गोरखपुर)। छोटे बेटे हीरानंद को पीट रहे पड़ोसियों से बचाने पहुंची राधिका (58) को इस कदर पीट दिया गया कि उनकी जान चली गई। सोमवार की सुबह करीब सात बजे वारदात मोहम्मदपुर माफी गांव में हुई। पिटाई के बाद महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर एसपी नार्थ रोहित सिंह मातहतों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। हीरानंद की तहरीर पर पड़ोस के सात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी फरार हैं। दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
महिला की पीटकर हत्या से मोहम्मदपुर माफी गांव में तनाव है। एहतियात के तौर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। हीरानंद की तहरीर के मुताबिक उनकी मां राधिका और पड़ोसी के बीच काफी दिनों से विवाद था। सोमवार को हीरानंद यादव घर से निकलकर सड़क की ओर जाने लगे। उसी दौरान शिवदयाल के परिवार के लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। मारपीट की धमकी दी और गालीगलौज की। इससे सहमे हीरानंद भागकर घर पहुंचे तो आरोपी वहां भी पहुंच गए।
आरोपियों ने हीरानंद को घेरकर पीटना शुरू किया। मां राधिका बीच-बचाव करने पहुंच गईं। आरोप है कि राधिका को देखते ही पड़ोसी भड़क गए। उन सबने लाठी-डंडों से राधिका को पीटकर लहूलुहान कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राधिका के सिर में गंभीर चोट आईं। आपाधापी मची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी।
सात के खिलाफ हत्या का मुकदमा
पुलिस ने हीरानंद के पड़ोसी शिवदयाल, दीनदयाल, प्रद्युम्न, अंकुर, शैलेंद्र, गणेश, दिलेंद्र और मुन्नीलाल पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
एसएसपी को देनी पड़ी सफाई
महिला की पीटकर हत्या के बाद गोली चलने और उससे एक की मौत की सूचना सोशल मीडिया पर फैल गई। इससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस अफसर गांव पहुंचे। तब पता चला कि महिला की पीटकर हत्या की गई है। सोशल मीडिया पर गोली चलने का मैसेज इतनी तेज वायरल हुआ कि एसएसपी शलभ माथुर को प्रेस नोट जारी करके सफाई देनी पड़ी और बताना पड़ा कि हत्या आपसी विवाद में की गई है। गोली नहीं चली है।
मृत महिला के छह बच्चे, तीन सरकारी नौकरी में
मृत महिला के पांच बेटे और एक बेटी है। बड़े बेटे सच्चिदानंद एसएसबी, दयानंद आरपीएफ और विवेकानंद पीएसी में हैं। दो बेटे और एक बेटी अभी पढ़ रहे हैं।
छेड़खानी वजह तो नहीं
दोनों पक्षों के बीच मारपीट और विवाद के पीछे छेड़खानी की बात भी आ रही है। हालांकि इसका जिक्र तहरीर में नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों के परिवार के बीच काफी समय से विवाद है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह छेड़खानी बताई गई है। उलहना देने के दौरान विवाद बढ़ा और वारदात हो गई।