अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सेवा-सुरक्षा-सहयोग का दम भरने वाली पुलिस आमजन के सहयोग के लिए कितनी सजग है इसका अंदाजा किसान के ट्रैक्टर चोरी के मामले में पुलिस के रवैये से लगाया जा सकता है। ट्रैक्टर चोरी होने के बाद व्यक्ति अनाज मंडी चौकी पहुंचा जहां उसे पुलिस से जवाब मिला कि कोई नशा करने वाला ले गया होगा, 2-4 घंटे इंतजार कर लो, नहीं मिले तो बता देना, केस दर्ज कर लेंगे। पीड़ित ने अपने स्तर पर चोर को पकड़ लिया और उसे भिवानी लेकर आने लगा। निमड़ी आली पहुंचने के बाद आरोपी ने बाइक गिरा दी जिसमें तीनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर सदर पुलिस तीनों को सिविल अस्पताल में लेकर आई।
जानकारी के अुनसार गांव सिसाय बोलान निवासी सत्यवान सोमवार को अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में चारा भरकर भिवानी चारा मंडी में लेकर आया था। चारा बेचने के बाद उसने ट्रैक्टर देवीलाल चौक पर खड़ा कर दिया और चाय पीने चला गया। उसी दौरान एक युवक उसका ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। सत्यवान ने तुरंत घर फोन किया और अनाज मंडी चौकी पहुंचा। वहां पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तुरंत कार्रवाई करने की बजाय सत्यवान को कहा कि कोई नशा करने वाला ले गया होगा, दो-चार घंटे में अपने आप छोड़कर चला जाएगा। तब तक अपने स्तर पर अपने आप ट्रैक्टर की तलाश कर लो। पुलिस के जवाब सुनने के बाद सत्यवान ने अपने बेटे बुलाए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
धाड़ूंदा से मिला ट्रैक्टर और आरोपी
सत्यवान ने बताया कि उसने पूछताछ की तो पाया कि निमड़ी आली वासी भीम ट्रैक्टर चोरी करके ले गया। तलाश करते हुए वे चारा मंडी में तलाश कर रहे तो उनको ट्रॉली मिल गई। आरोपी ने वहां पर एक मकान की दीवार में ट्रॉली मार दी थी। इसके चलते मकान मालिक ने ट्रॉली को वहीं पर रख लिया। उसके बाद वे आरोपी के घर पहुंचे तो पता चला कि वह ट्रैक्टर लेकर अपनी बहन के घर धाडूंदा चला गया। उसके बाद उसके बेटे बाइक लेकर गए तो वहां पर आरोपी व ट्रैक्टर मिल गया।
गांव के पास आने के बाद आरोपी ने गिरवाई बाइक
आरोपी को लेकर आ रहे युवकों ने बताया कि जैसे जब वे भिवानी आ रहे थे तो निमड़ी आली पहुंचते ही आरोपी ने बाइक से कूदने की कोशिश की। इसके चलते वे तीनों गिर गए और घायल हो गए। सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर सिविल अस्पताल आई।
सूचना देने के बाद भी नहीं आई अनाज मंडी चौकी पुलिस
शिकायतकर्ता ने बताया कि चोर को पकड़ने के बाद भी उन्होंने चौकी इंचार्ज को फोन कर सूचना दी तो उन्होंने कहा कि भिवानी ले आओ। उसके बाद उन्होंने बाइक गिरने की सूचना दी तो भी अनाज मंडी पुलिस की जगह सदर पुलिस पहुंची। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।