गुलरिहा। इलाके के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव में करंट लगने से आशा कार्यकत्री झुलस गई। गंभीर हालत में घरवाले इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज ले आए, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जंगल अयोध्या प्रसाद गांव निवासी रामानंद यादव की पत्नी निर्मला देवी (35) चरगांवा ब्लॉक में आशा कार्यकत्री के पद पर तैनात थीं। मंगलवार रात वह घर में लोहे का दरवाजा बंद कर रही थीं। दरवाजे के पास से गुजर रहा बिजली का तार एक जगह से कटकर दरवाजे को छू रहा था। इससे उसमें करंट उतर आया। जैसे ही निर्मला ने दरवाजे को पकड़ा। करंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी चीख सुनकर घरवाले पहुंचे और आनन-फानन में निर्मला को मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घरवाले दाहसंस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच निर्मला के मामा ने आपत्ति दर्ज कराते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। उनकी सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने शव को पोस्मार्टम के लिए भेज दिया।