काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन से कस्टम टीम ने 20.90 लाख की पांच देशों की विदेशी करेंसी बरामद की। ट्रेन के स्लीपर कोच में लावारिस हालत में पड़े बैग से ये करेंसी मिली। ये करेंसी कौन लेकर जा रहा था, उसका पता नहीं चल सका। टीम जांच में जुटी है।
उप आयुक्त कस्टम बबनीत तुली ने बताया कि नेपाल के रास्ते ठठूबारी होते हुए विदेशी मुद्रा लाने की सूचना मिली थी। पता चला था कि काठगोदाम- हावड़ा एक्सप्रेस से कोई व्यक्ति ये करेंसी कोलकाता पहुंचाने वाला है। एस सेवेन कोच में उसका रिजर्वेशन है। इस सूचना के आधार पर कस्टम अधीक्षक एनडी सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक रमाकांत यादव और तीन सिपाहियों एस. अहमद, केसी पांडेय तथा आरपी गुप्त की टीम को भेजा। रेलवे स्टेशन पहुंचकर कस्टम टीम ने ट्रेन के कोच में उस व्यक्ति को खोजना शुरू किया लेकिन उसका पता नहीं चला। इस बीच ट्रेन गोरखपुर स्टेशन से चल दी। टीम के सदस्यों ने बोगी के एक तरफ का दोनों दरवाजा बंद कर तलाशी लेनी शुरू की। ट्रेन के देवरिया पहुंचने पर सीट नंबर 30 के नीचे एक लावारिस बैग मिला। चेक करने पर उसमें से करेंसी बरामद हुई। बैग में रुपयों के अलावा एक जोड़ी पैंट, शर्ट व अन्य कपड़े भी मिले हैं।
इन देशों के मुद्रा मिले
अमेरिकन 100 डालर की 200 नोट, 50 डालर की 59 नोट और 20 डालर की 20 नोट
50 यूरो की नौ नोट, 20 यूरो की 10 , 10 यूरो की एक नोट
जापानी एन (निप्पोन गिंको) 10000 की निप्पोन गिंको की 79 नोट, 5000 की निप्पोन गिंको की एक नोट
रिंगिट मलेशियाई करेंसी 100 रिंगिट की नौ नोट 50 रिंगिट की 26 नोट, 20 रिंगिट की चार नोट और 10 रिंगिट की 12 नोट
सिंगापुरी डालर. 100 डालर की एक नोट, 50 डालर की तीन नोट 10 डालर की दो नोट और दो डालर की दो नोट