बेलघाट (गोरखपुर)। बेलघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने व्यापारी दुर्गेश कसौधन (25) को गोली मार दी। कमर में गोली लगते ही वह नीचे गिरकर तड़पने लगे। बाइक चला रहे भांजे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुर्गेश को अस्पताल में दाखिल कराया है। आशंका है कि रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने व्यापारी को गोली मारी है। हालांकि पुलिस रंगदारी से इन्कार कर रही है।
बघाड़ गांव निवासी दुर्गेश कसौधन की शंकरपुर बाजार में परचून की दुकान है। भांजा श्यामसुंदर भी उनके साथ रहकर कारोबार में सहयोग करता है। बुधवार की रात में नौ बजे के करीब दुर्गेश दुकान बंद कर भांजे के साथ घर लौट रहे थे। बाइक श्यामसुंदर चला रहे थे। व्यापारी अभी रामपुर गोसाई गांव के पास पहुंचे थे कि पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। अभी वह कुछ समझ पाते की पीछे बैठा बदमाश उतारा और दुर्गेश के कमर पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गए। गोली मारने वाला बदमाश थोड़ी दूरी पर बाइक लेकर खड़े साथी के साथ फरार हो गया। श्यामसुंदर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्गेश को अस्पताल में भर्ती कराया है।