गोरखपुर। सिविल लाइंस में एक कोचिंग सेंटर के बाहर छेड़खानी और मारपीट के मामले में सोमवार को कैंट पुलिस ने मुकदमे में गैर इरादतन जानलेवा हमला करने की कोशिश करने और बलवा की धारा बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में फरियाद के बाद निर्देश मिलने पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
नेट की तैयारी कराने वाली कोचिंग सेंटर में शुक्रवार को कुछ छात्राएं पढ़कर बाहर निकली थीं। उसी दौरान कुछ मनचले छेड़खानी करने लगे, लड़कियां वापस सेंटर में लौट आईं। जानकारी होने पर शिक्षकों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने में देरी होने पर शिक्षक खुद ही मनचलों की तलाश में निकल गए। मुलाकात होने पर उन्हें डांटने की कोशिश की तो मनचलों ने मारपीट शुरू कर दी। ईंट से प्रहार कर हड़हवा फाटक निवासी रूपेश यादव और बैंक कॉलोनी तरंग निवासी विशाल श्रीवास्तव को गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों शिक्षकों ने कैंट थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने मारपीट की मामूली धाराओं में केस दर्ज किया था। रविवार को दोनों शिक्षकों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में की। कैंप कार्यालय के हस्तक्षेप और एसपी सिटी विनय कुमार सिंह के निर्देश के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।