गोरखपुर। शाहपुर के उत्तरी जटेपुर, बशारतपुर में लिटिल फ्लावर जूनियर हाईस्कूल के सातवीं के छात्र प्रणव तिवारी (14) ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। कुंडे से बड़े भाई का शव लटकता देख रो रहे छोटे भाई की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे। मेडिकल कॉलेज ले गए लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। घरवालों का आरोप है कि स्कूल की शिक्षिका के प्रताड़ना से आजिज प्रणव ने आत्मघाती कदम उठाया। मां की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
पिता रामसुंदर की कुछ माह पूर्व मौत के बाद प्रणव नाना की मदद से पढ़ाई कर रहा था। मां गीता तिवारी गृहणी हैं। उनके मुताबिक प्रणव शनिवार दोपहर एक बजे स्कूल से लौटा। उसने छोटे भाई श्रीकांत को खेलने कमरे से बाहर भेज दिया। वह दवा लेने जिला अस्पताल गई थीं। इस बीच प्रणव ने छत के कुंडे से मां की साड़ी का फंदा बनाकर झूल गया।
थोड़ी देर बाद छोटा भाई कमरे में लौटा तो प्रणव को देख जोर-जोर से रोने लगा। रोना सुनकर पड़ोसी आए। गीता ने छोटे बेटे के हवाले से बताया कि स्कूल से लौटते वक्त प्रणव ने उससे कहा था कि मैडम ने क्रॉफ्ट का पेपर नहीं देने दिया था। इससे वह परेशान है। मैडम कहती हैं, वह पढ़ने में ठीक नहीं है, फेल कर देंगी। उनके मुताबिक इन्हीं कारणों से प्रणव ने खुदकुशी की है। इस बारे में विद्यालय का पक्ष जानने के लिए प्रबंधन के प्राप्त नंबरों पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मां की साड़ी से बनाया फंदा
प्रणव ने मां की साड़ी से फंदा बनाया था। भाई से उसने खाना भी मंगाया था लेकिन अचानक उसे थोड़ी देर बाद लाने की बात कहते हुए उसे खेलने भेज दिया। यह खबर सुन मां गीता बेसुध हो गईं।
भाई-बहन में बड़ा था प्रणव
प्रणव भाई, बहन में सबसे बड़ा था। बहन पांचवीं और छोटा भाई श्रीकांत तीसरी का छात्र है। पिता इलेक्ट्रिीशियन का काम करते थे। उनकी मौत के बाद ननिहाल के लोग ही घर चला रहे थे।