गगहा में मासूम बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी पकड़ा गया
पड़ोस के किशोर पर आरोप, उसकी उम्र भी महज 12 साल
अमर उजाला ब्यूरो
कौड़ीराम (गगहा)। गगहा इलाके के एक गांव में सोमवार की रात पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर उसे पकड़ लिया है। उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।
थाने में दर्ज केस के मुताबिक बच्ची सोमवार की रात खेलते हुए पड़ोसी के घर चली गई। वहां मौजूद 12 साल के किशोर ने उसे अकेला पाकर दुष्कर्म किया और बच्ची के रोने पर फरार हो गया। पीड़ित बच्ची किसी तरह घर पहुंची और आपबीती सुनाई। बच्ची की मां ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी की तलाश शुरू की तो कुछ देर बाद गांव में छिपा मिला। आरोपी की उम्र भी कम होने की वजह से उसे सुधार गृह भेजा जाएगा। सीओ बांसगांव नितेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।