जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
खजनी प्रतिनिधि के मुताबिक रुद्रपुर गांव के पास अनियंत्रित बाइक सवार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान खोराबार के लहसड़ी निवासी रामू (20) पुत्र चंद्रिका के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घरवालों को जानकारी दे दी। उधर, चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक बालापार में ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से चाचा-भतीजे घायल हो गए। इलाज के दौरान चाचा की मौत हो गई, जबकि मेडिकल कॉलेज में भर्ती भतीजे की हालत गंभीर बनी हुई है।
चिलुआताल, बैजनाथपुर निवासी रामानंद राम के दामाद अरुण के छोटे भाई और कुशीनगर के कसया निवासी राजू सिंह (18) अपने भतीजे उत्कर्ष (8) के साथ स्कूटर से छठ पूजा में शामिल होने आ रहे थे। इसी दौरान बालापार में उनकी स्कूटर को ट्रैक्टर ट्राली ने चपेट में ले लिया। उनकी मौके पर मौत हो गई। उत्कर्ष को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
दोनों सड़क हादसे में मौत की वजह सिर पर चोट लगना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यदि वाहन चालकों ने हेलमेट लगाया होता तो उनकी जान बच सकती थी।