बड़हलगंज थाना क्षेत्र के सिसवां गांव में मारपीट के बाद भी कार्रवाई न करने पर थाना प्रभारी गोविंद सिंह को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया। पीड़ित ने फोन पर सूचना देने के साथ ही बुधवार सुबह थाने पहुंचकर भी फरियाद की थी। इस दौरान थाना प्रभारी ने न तो पीड़ित से मुलाकात की और न ही उसकी समस्या का कोई समाधान किया। इसकी जानकारी होने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी को सस्पेंड करते हुए नए थानेदार की तैनाती के लिए चुनाव आयोग को पत्र भेजा है।
इलाके के सिसवां गांव में दो पक्षों में जमीनी विवाद में मारपीट हो गई थी। पीड़ित ने इसकी सूचना थाना प्रभारी को फोन कर दी। फिर भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद बुधवार की सुबह पीड़ित खुद थाने पर पहुंच गया। तड़के सुबह पहुंचे पीड़ित का प्रार्थना पत्र लेने को कोई तैयार नहीं था। खुद थाना प्रभारी भी थाने में मौजूद थे लेकिन उन्होंने भी इसमें रुचि नहीं ली। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी को फोन कर इसकी जानकारी दी। एसएसपी ने तत्काल सीओ को भेजकर मामले की जांच कराई और लापरवाही सामने आने पर थाना प्रभारी गोविंद सिंह को सस्पेंड कर दिया।
पीड़ित की फरियाद सुनने में लापरवाही की शिकायत सामने आई है। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है। नए थानेदार की तैनाती के लिए चुनाव आयोग से अनुमति मांगी गई है।
- सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी