गोरखपुर। सोनबरसा और नौसड़ में शुक्रवार को हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन छात्र घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
शुक्रवार दोपहर एक युवक बाइक पर बुजुर्ग को बैठाकर कुशीनगर से गोरखपुर की तरफ आ रहा था। चौरीचौरा इलाके के सोनबरसा फोरलेन पेट्रोल पंप के सामने पीछे से एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान में जुटी है।
वहीं एक अन्य घटना में सहजनवां के बरवार निवासी शिवशंकर (18) शहर के एक इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। शुक्रवार दोपहर वह गांव के इंटर के छात्र अभिषेक (18) और सर्वेश गौड़ (17) के साथ बाइक से शहर आ रहा था। नौसड़ पुलिस चौकी के पास सहजनवां की ओर से आ रही डीसीएम ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। इससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डीसीएम चालक फरार हो गया।
गर्भवती के साथ ले गए अस्पताल
नौसड़ पुलिस चौकी के पास हादसा होने के बाद जुटी भीड़ ने घटना की जानकारी 100 नंबर पर दी। इसके बाद भी मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। इससे भीड़ आक्रोशित हो गई। इस दौरान गर्भवती महिला को लेकर जा रही 102 नंबर की एंबुलेंस को रोककर तीनों घायलों को जिला महिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।