गोरखपुर। आरपीएफ ने ट्रेनों में चेन पुलिंग करने वालों की धरपकड़ तेज कर दी है। मंगलवार कोे दो पैसेंजर ट्रेनों में चेन पुलिंग करने वालों छह लोगाें को पकड़ा गया। तीन यात्रियों को जुर्माना न देने पर जेल भेज दिया गया, जबकि गार्ड केबिन में बैठकर सफर करने वाले 20 और अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वाले 50 यात्रियों को भी आरपीएफ ने पकड़ा।
कई दिनों से धर्मशाला यार्ड के पास ट्रेनों में चेन पुलिंग की सूचना मिल रही थी। इसके चलते एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को आरपीएफ इंस्पेक्टर केएन तिवारी के नेतृत्व में टीम ने किलेबंदी कर बस्ती पैसेंजर में चेन पुलिंग करने वालों को पकड़ा। इसी तरह नौतनवां पैसेंजर में भी चेकिंग की गई। चेन पुलिंग करने वाले कुल छह यात्री पकड़े गए। चेकिंग के दौरान गार्ड के केबिन में 20 यात्री बैठे मिले। इनमें महिलाएं भी थीं। पकड़े गए सभी 76 यात्रियों का चालान कर रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। तीन यात्री जुर्माना नहीं भर सके तो उन्हें जेल भेज दिया गया। चेकिंग करने वाली टीम में सब इंस्पेक्टर सुनील मिश्र, लोकेश पासवान, सत्येेंद्र सिंह, जेएन मिश्रा आदि शामिल थे।