शाहपुर थाना क्षेत्र के लाल कोठी निवासी विजय सिंह की पत्नी आशा सिंह को झांसा देकर जालसाज ने 20 हजार के गहने उड़ा लिए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे आशा सिंह कुछ सामान खरीदने राप्ती कांप्लेक्स गई थीं। वहीं एक युवक ने उन्हें रोककर बाबा रामदेव की दवा का कैंप लगने के बारे में पूछने लगा। युवक ने महिला को बातों में उलझा लिया और ग्रह, दशा ठीक नहीं चलने का झांसा देकर उनसे कपूर, अगरबत्ती लाने के लिए कहा। युवक की बातों में आकर महिला पास की दुकान से सामान खरीद कर लाईं।
युवक ने उनसे सभी जेवर उतारकर पर्स में रखने और आंख बंद कर लक्ष्मी जी का ध्यान लगाने के लिए कहा। महिला ने मंगलसूत्र, कान का टप्स उतारकर पर्स में रखकर लक्ष्मी जी का ध्यान लगाने लगीं। उधर पर्स लेकर युवक फरार हो गया। कुछ देर तक जब युवक की आवाज नहीं आई तो महिला ने आंखें खोली। युवक को गायब देख शोर मचाना शुरू किया। आसपास के लोगों ने डॉयल 100 पर सूचना दी। पुलिस आई। महिला ने बताया कि पर्स में मंगलसूत्र, दोनों कान के टप्स और कुछ रुपये थे। महिला की तहरीर पर पुलिस ने जालसाज की तलाश शुरू कर दी है।