गोरखपुर। अंग्रेजी शराब की बोतलों में मिलावटी शराब बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दो लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके पास से गैलेन में भरी मिलावटी शराब, बोतल, रैपर आदि बरामद की है। दोनों के खिलाफ मानव जीवन को हानि पहुंचाने वाले पदार्थ बनाने संबंधित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
एसपी नार्थ गणेश साहा ने बताया कि झंगहा थानेदार सुनील सिंह को सूचना मिली थी कि जंगल गौरी नंबर एक स्थित मकान में नकली शराब तैयार की जा रही है। पुलिस ने वहां छापेमारी की तो दो शख्स भारी मात्रा में मिलावटी शराब के साथ दबोच लिए गए। इनकी पहचान कुशीनगर के कप्तानगंज, मठिया निवासी ओम प्रकाश गुप्ता और उरुवा निवासी विवेक गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से पांच लीटर शराब, एक किलो यूरिया, सात बोतल मिलावटी शराब, 23 ढक्कन, महंगी शराब की 70 बोतलें बरामद की हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में झंगहा थानेदार सुनील सिंह, स्वाट प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह, सिपाही सुशील राय, राधे श्याम यादव, कमलेश कुमार, राजीव शुक्ला, मोहसिन खां शामिल थे। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने टीम को पांच हजार रुपये से पुरस्कृत किया है।