गोरखपुर। एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता ने भ्रष्टाचार में लिप्त 40 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। यह लोग जिले के अलग-अलग थानों पर तैनात थे। भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायत पर एसएसपी ने सभी की गोपनीय जांच कराई थी। आरोप सही मिलने पर सभी को थाने से हटा दिया गया।
डॉ रामशरण से रंगदारी मांगने की घटना के बाद एसएसपी ने थाने व चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कार्यप्रणाली की गोपनीय जांच कराई। जांच में सिपाहियों की दो तरह की सूची तैयार कराई। एक काली व दूसरी पीली। काली सूची में गंभीर आरोप में घिरे पुलिसकर्मियों के नाम शामिल किए गए। पीली सूची में ऐसे नाम शामिल हुए जिन पर आरोप तो था पर सही नहीं पाया गया। काली सूची में 40 सिपाहियों का नाम शामिल था।
ऐसे में उन सभी को बृहस्पतिवार की रात लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस लाइन में तैनात सिपाहियों को इनकी जगह थाने पर भेजा गया है। पीली सूची में शामिल लोगों का भी जल्द तबादला होगा। इसके अलावा लंबे समय से थाने और चौकी पर जमे थानेदार, दारोगा और चौकी प्रभारी का भी तबादला होगा। एसएसपी ने इनकी लिस्ट बना ली है।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।