फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व मंत्री के गनर से कारबाइन लूट में इनामी अंकित समेत दो गिरफ्तार

Sat, 01 Jun 2019 01:59 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो क्राइम डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
गिरफ्तार - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
गोरखपुर। पूर्व मंत्री व बलिया के विधायक रहे अंबिका चौधरी के गनर दुर्गेश की कारबाइन लूट मामले में वांछित अंकित निषाद समेत दो और गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 25 हजार के इनामी अंकित और उसके साथी विनोद सिंह को शुक्रवार सुबह खजनी के पाल्हीपार में पकड़ा। पुलिस के अनुसार अंकित ने ही गाजीपुरवासी एसएसबी जवान को भी लूटा था। एसपी नार्थ अरविंद पांडेय और सीओ खजनी रचना मिश्रा ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस में मीडिया को बताया कि गत 25 मई को सुबह छपिया में हाईवे पर एसएसबी जवान मनीष कुमार राय बेहोश मिले थे। स्वस्थ होने पर मनीष ने खजनी थाने में अपने साथ जहरखुरानी और लूट की तहरीर दी थी। केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी। शक अंकित पर था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आजमगढ़ के बोहरबाने शंभूपुरा निवासी अंकित निषाद और विनोद सिंह को पल्हीपार बाबू गांव के पास पकड़ा।
विज्ञापन


दोनों कार से जा रहे थे। कार का इस्तेमाल वे लोगों को लिफ्ट और फिर नशा देकर लूटने में करते थे। इनके पास से मनीष का मोबाइल, नशे की 160 टैबलेट, सोने की चेन, लूटे गए तीन बैग और 1500 रुपये भी बरामद हुए। एसपी नार्थ ने बताया कि छुट्टी पर घर जा रहे जवान मनीष को अंकित नौसड़ तिराहे पर तब मिला जब वह गाजीपुर की बस का इंतजार कर रहे थे। पहले से खड़े अंकित बताया कि वह मऊ जा रहा है। चाचा कार लेकर आने वाले हैं। थोड़ी देर में विनोद कार से आया तो अंकित ने मऊ तक लिफ्ट के बहाने मनीष को भी बैठा लिया। सेवईं बाजार में उन्होंने चाय पी पर मनीष के कप में नशीला पदार्थ मिला दिया। बेहोश होने पर सामान लूटकर उसे सड़क किनारे डाल गए। एसएसपी पुलिस टीम को दस हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

गनर को भी लिफ्ट के बहाने लूटा था

तीन अप्रैल को पूर्व मंत्री के गनर व बड़हलगंज के खड़खड़ी खुर्द निवासी गनर (सिपाही) दुर्गेश यादव के साथ भी लूट ऐसे ही हुई थी। एसटीएफ ने जब गत 19 मई को आजमगढ़ के दिनेश निषाद को पकड़ कर कारबाइन बरामद की तभी यह बात सामने आई थी। नौसड़ में खड़े अंकित ने ही दुर्गेश को कार में लिफ्ट दी और बेलीपार में जूस में नशीला पदार्थ पिला दिया। बेहोश होने पर गगहा इलाके में उसे उतारा और कारबाइन लेकर फरार हो गए थे। तब अंकित, उसके पिता हनुमान प्रसाद, बहनोई और एक अन्य तीरथ का नाम भी लुटेरों में दर्ज हुआ। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह का सरगना अंकित ही है। अंकित का नाम आने के बाद उसपर इनाम रखा गया।

लिफ्ट देकर लूट के लिए खरीदी थी कार, उसी ने पकड़वा दिया

अंकित के कहने पर विनोद सिंह ने दो माह पूर्व पच्चीस हजार में पुरानी कार खरीदी थी। अंकित खुद को विनोद का भतीजा बताता था। पुलिस के अनुसार आजमगढ़ का शंभूपुरा गांव के कई लोग जहरखुरानी में लिप्त हैं। पास के डाड़ीकोल, लेदौड़ा गांव के भी कई शामिल रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में कार दिखने के बाद नंबर के आधार पर पुलिस इन तक पहुंची।

पर माना नहीं कि कारबाइन लूटी

अंकित और विनोद ने खजनी पुलिस को खूब छकाया। भले एसटीएफ का दावा हो पर उन्होंने कारबाइन लूट में शामिल होना स्वीकार नहीं किया। प्रेस-कांफ्रेंस में भी उसने बताया कि मनीष के साथ लूट उसका पहला अपराध है। उसके मुताबिक कारबाइन लूटने वाले पड़ोसी के गांव के हैं।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें