संदिग्ध हाल में महिला की मौत
नेबुआ रायगंज। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के बलकुड़िया गांव में मंगलवार की रात महिला की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। सूचना पर मायके के लोग भी पहुंच गए। बाद में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बलकुडियां गांव निवासी कैलाश चौहान के पुत्र बासिंदर की शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल कुरमौल निवासी नारद चौहान की पुत्री रचना के साथ हुई थी। रचना के पास दो बेटे व एक बेटी है। बड़ा बेटा लगभग छह वर्ष का है। मंगलवार की रात रचना की संदिग्ध हाल में हुई मौत हो गई। जानकारी मिलते ही मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से शुरू हुई पंचायत की वजह से अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिल सकी थी। बताया जाता है कि मृतका का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश रह रहा था। सूचना पाते ही घर लौट रहा है। थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।