लॉकेट का झांसा दिया, चेन ले गया
- दंपती को जालसाज ने बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बशारतपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास बुलेट सवार जालसाज ने दंपति से सोने की चेन ले ली और फरार हो गया। ठगे जाने का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। जालसाज की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
शाहपुर के महादेवपुरम निवासी अमरनाथ श्रीवास्तव आईटीआई से लिपिक पद से सेवानिवृत्त हैं। बुधवार को पत्नी अनीता श्रीवास्तव के साथ वह बाइक से बेटी के घर बशारतपुर जा रहे थे। एचपी पेट्रोल पंप के पास बुलेट मोटरसाइकिल से आए युवक ने उन्हें रोक लिया। कहा, आपके बेटे ने सोने का लॉकेट बनवाया है, चल कर ले लीजिए। उसका मोबाइल गायब हो गया इसलिए मुझे भेजा है। अमरनाथ उसकी बातों में आ गए और पत्नी को वहीं छोड़ युवक के साथ चले गए। युवक ने थोड़ी दूर ले जाकर उन्हें छोड़ दिया और वापस उनकी पत्नी अनीता के पास आकर लॉकेट लगवाने के लिए चेन मांग ली। अमरनाथ पैदल अनीता के पास पहुंचे तो ठगी की जानकारी हुई।