गोरखपुर। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चुराए और लूटे गए तीन मोबाइल फोन, दस हजार रुपये और वारदातों में इस्तेमाल बाइक को बरामद किया। पुलिस ने तीन वारदातों का पर्दाफाश करने का दावा किया।
एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि शाहपुर और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने रविवार की सुबह चार फाटक ओवरब्रिज के नीचे से दो युवकों को गिरफ्तार किया। युवकों की पहचान देवरिया जिले के तरकुलवां थाने के पथरदेवा निवासी अनिल मद्धेशिया और पिपराइच के जंगल धूसड़ निवासी सूरज बेलदार के रूप में हुई है। इनके पकड़े जाने से दो लूट और चोरी की एक वारदात का पर्दाफाश हुआ है। एसपी सिटी ने बताया कि इन बदमाशों ने बीते 31 जनवरी को भरत मिलाप तिराहे से महिला का पर्स छीना था। तीन अप्रैल की रात दो बैग छीने थे। चार जून को असुरन चौराहे के पास से बैग छीना था। अनिल ऑटो चलाता है और सूरज लाइट के सजावट का काम करता है। इनके ऊपर पहले से ही तीन केस दर्ज हैं।
चोरी के मोबाइल फोन के साथ दो गिरफ्तार
गोरखपुर। शाहपुर पुलिस ने दो युवकों को पकड़कर उनके पास से मोबाइल फोन को बरामद किया। मोबाइल फोन को 14 जुलाई की रात महिला से छीना गया था। पुलिस ने इन्हें शनिवार सुबह शाहपुर के जटेपुर रेलवे कॉलोनी से गिरफ्तार किया। सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान शाहपुर के जटेपुर उत्तरी, कृष्णानगर निवासी अमरेंद्र सिंह उर्फ नाटे और सोनू सिंह उर्फ रोहित के रूप में हुई है।