पीपीगंज कस्बे में स्थित एसबीआई शाखा के सामने नाती का इंतजार कर रहे बुजुर्ग को झांसा देकर बदमाश 25 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। बुजुर्ग के पास आकर एक बदमाश ने रिश्तेदार बताकर उनको बातों में उलझाया और इसी दौरान दूसरे ने उनकी जेब में रखी रकम लूट ली। बुजुर्ग अभी कुछ समझ पाते, दोनों बदमाश रकम लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद पहले तो पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन जानकारी उजागर होने के बाद जांच शुरू की।
महराजगंज, पनियरा के अहिरौली निवासी ध्रुवचंद पासवान का एसबीआई पीपीगंज में खाता है। उनकी बेटी की 19 अप्रैल को शादी है। शादी की तैयारी के लिए मंगलवार बारह बजे के करीब ध्रुवचंद नाती सूरज के साथ बैंक पहुंचे थे। बैंक से 25 हजार रुपये निकाले थे और नाती एटीएम से कैश निकालने चला गया था। ध्रुवचंद रकम निकालकर बैंक के बाहर नाती के आने का इंतजार कर रहे थे। तभी दो बदमाश आए। एक ध्रुवचंद को अपना रिश्तेदार बताने लगा। मौका पाकर दूसरे बदमाश ने ध्रुवचंद की जेब में रखी रकम निकाल ली और उनको धक्का देते हुए दोनों फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।