गोरखपुर।
खोराबार स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में बंद किशोरों के दो गुटों में सोमवार की देर रात हुए संघर्ष के बाद फरार तीन और बंदी पकड़ लिए गए। पुलिस ने तीनों को पुन: संप्रेक्षण गृह में रख दिया। इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर चौकी इंचार्ज को विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया गया है। फरार कुल आठ बंदियों में पांच तो तुरंत पकड़ लिए गए थे लेकिन पास के ही एक घर में छिपे तीन और को पुलिस ने भोर में पकड़ा। पूछताछ में सामने आया है कि उन्होंने भागने के लिए मारपीट नहीं की थी बल्कि मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
सोमवार की देर रात संप्रेक्षण गृह में गोरखपुर और महराजगंज के बंदियों में वर्चस्व को लेकर मारपीट हो गई थी। इस दौरान तीन बंदी घायल हो गए वहीं मौका पाकर आठ बंदी फरार हो गए। इसकी जानकारी जब पुलिस अफसरों को हुई तो हड़कंप मच गया। आनन- फानन में एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसपी सिटी विनय सिंह, एएसपी चारु निगम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गईं। सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान पांच बंदी तुरंत ही पकड़ लिए गए, लेकिन तीन अन्य की तलाश में पुलिस रातभर दबिश देती रही। भोेर में चार बजे के करीब तीनों को पास के एक बंद घर से पकड़ लिया गया। उधर, मंगलवार की सुबह एसपी सिटी विनय सिंह ने राजकीय संप्रेक्षण गृह पहुंचकर बंदियों से पूछताछ की। इस दौरान वहां सुरक्षा में तैनात पुलिस वालों को भी उन्होंने विशेष हिदायत दी। उन्होंने आजाद नगर चौकी इंचार्ज को विशेष सतर्कता बरतने को कहा।