दहेज हत्या में पति गिरफ्तार, पहुंचा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
खड्डा। बोधीछपरा गांव के एडीओ टोला में हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पति दहेज के मामले में घटना के दिन से ही पुलिस को उसकी तलाश थी।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बोधीछपरा गांव के एडीओ टोला निवासी दशरथ की 24 वर्षीय पत्नी सिंधु की 12 अप्रैल को मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के से विसरा सुरक्षित किया गया है। बिहार के बगहां निवासी मृतका के पिता मोहन चौहान ने सिंधु के पति दशरथ और सास-ससुर पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार को पुलिस ने दशरथ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसओ ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित दशरथ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।