गोरखपुर। सहजनवां पुलिस ने जीरो प्वाइंट के पास 383 बोतल अवैध शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। शराब तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही थी। पूछताछ में आरोपियों ने अपने सरगना का नाम भी बताया है। तस्करी में इस्तेमाल कार पर बिहार का फर्जी नंबर प्लेट लगाया गया था।
सहजनवां के एसओ सत्य प्रकाश सिंह के मुताबिक मुखबिर से हरियाणा की शराब के साथ तस्करों की आने की जानकारी दी। पुलिस जीरो प्वाइंट के पास चेकिंग में जुट गई। इसी दौरान तस्करों की कार आती दिखाई। पुलिस के रोकते ही वह कार मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से हरियाणा की शराब बरामद हो गई। आरोपियों की पहचान हरियाणा के जींद जिले के सदर थाना क्षेत्र के बासोला निवासी सुखवीर और अलेवा के हरसनपुर निवासी अमनदीप के रूप में हुई। पुलिस सरगना मोहित की तलाश में लगी है।