खाद की 67 दुकानों पर छापा, 11 के लाइसेंस निरस्त
गोरखपुर। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए गुरुवार को जिले भर में खाद की 67 दुकानों पर छापेमारी कर नमूने एकत्र किए गए। 11 दुकानों में अनियमितता पाए जाने पर उनके लाइसेंस निरस्त कर दिए गए।
उप निदेशक कृषि संजय सिंह ने थोक विक्रेताओं की दुकानों सहित सदर तहसील की 15 दुकानों पर छापा मारकर खाद के नमूने लिए। कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने 14 दुकानों पर छापेमारी कर नौ दुकानों से नमूने लिए। छापेमारी के दौरान दुकान बंद कर भागने वालों के लाइसेंस निरस्त किए। भूमि संरक्षण अधिकारी अनिल मिश्रा ने बांसगांव तहसील की सात दुकानों पर छापा मारा और दो के लाइसेंस अभिलेख के अभाव में निरस्त कर दिए। कृषि रक्षा अधिकारी संजय यादव ने गोला तहसील की आठ दुकानों पर छापा मारा। यहां दो के लाइसेंस निरस्त किए गए। इस तरह से अन्य अधिकारियों ने भी छापेमारी कर कार्रवाई की।