मकान और दो दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने कैश समेत लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। सोमवार की सुबह लोगों को चोरी की जानकारी हुई। पुलिस चोरों के बारे में सुराग लगा रही है।
भटहट और पादरी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, गुलरिहा के हरिसेवकपुर दहला टोला के राकेश श्रीवास्तव मकान में ताला बंद कर डॉक्टर को दिखाने चले गए। रात अधिक होने पर वह भाई के घर रुक गए। रात किसी समय चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 28 हजार रुपये नगद, गहने, कपड़े समेत डेढ़ लाख रुपये का सामान चुरा लिया। सोमवार सुबह घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई।
धुरियापार प्रतिनिधि के अनुसार, गोला रोड पर बरपार मॉफी के पास दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने रकम सहित कई सामान उड़ा दिया। गांव के यशवंत पाठक का किराने की दुकान है। शाम को दुकान बंद कर वह घर चले गए। रात किसी समय दुकान के पीछे सेंध लगाकर चोरों ने 10600 रुपये नगद सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चुरा लिया। सुबह दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई। चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार, शत्रुधनपुर निवासी आलोक गुप्ता की फुटहवा ईनार तिराहे पर इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। रात में दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने सात हजार रुपये नगद सहित कई सामान चुरा लिया। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दे दी है।