पीपीगंज। काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर से दर्शन कर लौट रहे यात्री का बैग नौतनवा-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन में चोरी हो गया। बैग में 12 हजार नगद, मोबाइल फोन और अन्य सामान था। पीपीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पीड़ित को चोरी की जानकारी हुई। आनंदनगर जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
सीतापुर जिले के उरदौली कोतवाली निवासी रामप्रकाश मिश्र पुत्र राममूर्ति मिश्र नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ का दर्शन करने गए थे। नौतनवा-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन 55070 से वह वापस लौट रहे थे। कैंपियरगंज और पीपीगंज के बीच उन्हें नींद लग गई। आंख खुली तो बैग गायब था। बैग में कपड़े, जूता, मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान था। चोरी की जानकारी उन्होंने कोच में मौजूद अन्य लोगों को दी। आसपास के लोगों ने बताया कि कैंपियरगंज स्टेशन पर कुछ किन्नर ट्रेन में चढ़े थे। इसी बीच बैग गायब हो गया। आनंदनगर जीआरपी को उन्होंने तहरीर दी।