गोरखपुर।
मारपीट में घायल झंगहा के शिवपुर निवासी जनार्दन की मौत के बाद घरवालों ने हंगामा कर दिया। घायल को ‘अमर उजाला’ तिराहे के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घरवाले आरोपियों की गिरफ्तारी और दर्ज केस में हत्या की धारा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झंगहा इलाके के शिवपुर में नागपंचमी के दिन बुजुर्ग महिला के खर्च को लेकर रमाकांत और प्रेम पक्ष में मारपीट हो गई। दूसरे दिन रमाकांत पक्ष के लोग प्रधान के घर पंचायत के लिए जा रहे थे। रास्ते में प्रेम पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। इसमें जनार्दन (25) पुत्र रमाकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों के रेफर करने पर घरवालों ने ‘अमर उजाला’ तिराहे के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार की रात दो बजे बजे जनार्दन की मौत हो गई। इस पर आरोपियों की गिरफ्तारी और दर्ज केस में हत्या की धारा में बढ़ोतरी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घरवालों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सोमवार सुबह एसओ झंगहा सुनील सिंह पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने कहा कि मारपीट का केस पहले से दर्ज है। धारा में बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।