हाटा (गोरखपुर)। गगहा इलाके में कक्षा एक की छात्रा से दुष्कर्म का मामला आया है। बुधवार को हुई इस वारदात से सकते में आए घरवालों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गगहा के एक गांव की रहने वाली छह साल की बच्ची पास के ही एक स्कूल में कक्षा एक की छात्रा है। बुधवार को रोज की तरह ही स्कूल गई थी। दोपहर बाद 3:30 बजे स्कूल से लौटते समय रास्ते में धर्मेंद्र ने बच्ची को दबोच लिया। उसकी चीख कोई न सुन सके इसके लिए मुंह कसकर दबा दिया। इसके बाद सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म कर फरार हो गया।
किसी तरह बच्ची घर पहुंची तो खून देखकर घरवाले डर गए। जब आपबीती सुनाई तो उसे लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। हालत में सुधार होने पर घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी धर्मेंद्र गौड़ के खिलाफ बलात्कार, पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने धर्मेंद्र को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।