गोरखपुर/सरदारनगर। शहर के मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. रामशरण दास की क्लीनिक पर मंगलवार को ड्रग विभाग की टीम ने छापा मारा। विभाग ने यह कार्रवाई एक मरीज की शिकायत पर की। टीम ने चार दवाओं के नमूने भी लिए। खरीद का बिल न दिखा पाने पर करीब डेढ़ लाख रुपये की दवाओं की बिक्री भी रोक दी है। वहीं, सोनबरसा बाजार में मंगलवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने दवा के दुकान पर छापा मारा।
सहायक आयुक्त औषधि प्रभात तिवारी ने बताया कि एक मरीज ने शासन में शिकायत की कि मनोचिकित्सक के क्लीनिक पर मिलने वाली टैबलेट बायोरेस फोर्ट का दाम चार साल में तीन से चार गुना तक बढ़ गया है। समान फार्मूले की देश की नामी कंपनियों के दवाओं से भी इसी तरह की वृद्धि हुई है। इसके अलावा दूसरी दवाओं के दाम में भी इजाफा हुआ है। इसी आधार पर ड्रग इंस्पेक्टर संदीप चौधरी के साथ सहायक आयुक्त औषधि भी डॉ. रामशरण दास की क्लीनिक पर पहुंचे। इस दौरान टीम ने कई दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा। सहायक आयुक्त ने बताया कि जांच के दौरान डॉक्टर क्लीनिक में मौजूद 50 से अधिक दवाओं के खरीद का बिल नहीं दिखा सके।
दूसरी तरफ सरदारनगर प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के ड्रग इंस्पेक्टर ने छापा मारकर करीब 50 हजार की दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई। साथ ही दो दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजा गया।