अपडेट::::लखनऊ और बस्ती के ध्यानार्थ
लखनऊ की जगह बस्ती में चढ़े दो टीटीई व सीटीटीई निलंबित
हिसार-गोरखपुर गोरखधाम एक्सप्रेस में लखनऊ से गोरखपुर तक लगी थी ड्यूटी
पूर्वोत्तर रेलवे के पीसीसीएम इसी ट्रेन से गोरखपुर आ रहे थे
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। ड्यूटी में लापरवाही दो टीटीई व सीटीटीई को महंगी पड़ गई। गोरखधाम एक्सप्रेस में टिकट चेक करने के लिए ड्यूटी पर लगाए गए ये लोग लखनऊ की जगह बस्ती में ट्रेन में चढ़े। इस पर पीसीसीएम ने नाराजगी जताई और तत्काल दोनों टीटीई और सीटीटीई को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। पीसीसीएम के निर्देश पर एससीएम टीसी राजाराम ने पीसीसीएम स्क्वॉड के दो टीटीई और एक सीटीटीई को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही इन्हें मुख्यालय से अटैच करते हुए एक सप्ताह में स्पटीकरण भी मांगा गया है।
एससीएम टीसी राजाराम ने बताया कि रविवार को दिल्ली से गोरखपुर आ रही गोरखधाम 12556 से पीसीसीएम शिवराज सिंह आ रहे थे। पूरी ट्रेन की लखनऊ से गोरखपुर तक चेकिंग की जानी थी। इसके लिए गोरखपुर से दो टीटीई गुलाम सरवर और एसवाई जफर की बुकिंग की गई थी। बुकिंग के अनुसार दोनों को गोरखधाम एक्सप्रेस की लखनऊ से गोरखपुर तक चेकिंग करनी थी। ट्रेन जब लखनऊ से गोरखपुर की ओर बढ़ी तो कुछ देर बाद ही चेन पुलिंग होने लगी। इस पर पीसीसीएम ने नाराजगी जताई और चेकिंग के लिए लगाए गए टीटीई को गोंडा में भेजने का आदेश दिया। गोंडा में ट्रेन रुकी तो उनके पास सिर्फ एक ही टीटीई गया। पूछताछ में पता चला कि बाकी दो अन्य बस्ती में चढ़ेंगे। वह लखनऊ तक आए ही नहीं। इस लापरवाही पीसीसीएम ने जमकर नाराजगी जताई और दोनों टीटीई के साथ ही सीटीटीई अनिल कुमार श्रीवास्तव को भी निलंबित करने का आदेश दिया। निर्देश मिलते ही एससीएम ने तीनों को निलंबित करते हुए एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण तलब किया है।