गोरखपुर। मोहद्दीपुर की श्रीरामपुरम कॉलोनी निवासी भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बंधु उपेंद्र नाथ सिंह के छोटे भाई और जिला उद्यान प्रभारी सत्येंद्र सिंह की हत्या के चारों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम में भी गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। उधर, रविवार को भी मोहल्ले में एहतियातन फोर्स तैनात रही। आसपास के लोगों में घटना को लेकर गुस्सा है।
सत्येंद्र उर्फ संजय सिंह शनिवार की सुबह पत्नी संगीता के साथ बड़े भाई बंधु सिंह के घर गए थे। पत्नी अंदर चली गई और सत्येंद्र स्कूटी खड़ी करने लगे। इसी दौरान पड़ोसी जायसवाल परिवार से उनका विवाद हो गया। पड़ोसियों ने उनका गला दबा दिया जिससे उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक अन्य को रविवार को पकड़ा गया। जिन आरोपियों को जेल भेजा गया है उनमें उमेश चंद्र जायसवाल, अभिजीत जायसवाल, शशांक जायसवाल, उनकी पत्नी संध्या जायसवाल शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने भी बंधाया ढांढस
बंधु उपेंद्र नाथ सिंह के मोबाइल पर फोन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। यह जानकारी उनके मकान मालिक के लड़के व पूर्व छात्रसंघ महामंत्री नीरज शादी ने दी।
नेताओं की मांग, हत्यारोपियों को कड़ी सजा मिले
गोरखपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने भाजपा नेता के भाई की हत्या की निंदा की। उपाध्यक्ष मार्कंडेय प्रसाद सिंह ने आरोपियों को उम्रकैद की सजा की मांग की। अमर शहीद बंधु सिंह स्मारक समिति के पदाधिकारियों ने मोहद्दीपुर स्थित कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा की। समिति के उपाध्यक्ष अशोक कुमार शाही ने परिवार के बाकी सदस्यों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। मनोज सिंह, जितेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, कुंअर सिंह, यादवेंद्र सिंह, अफरोज आलम, रमेश यादव आदि मौजूद रहे। भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री अफरोज आलम और अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। यूनिवर्सिटी के पंत पार्क में छात्रसंघ के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों ने बैठक कर शोक व्यक्त किया। पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम सिंह, रतनपाल सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. योगेश प्रताप सिंह, धीरज सिंह हरीश, विभ्राट चंद कौशिक, संजय सिंह, अयोध्या साहनी, गौतम लाल, विनय सिंह जेआरएफ, रंजीत सिंह श्रीनेत आदि मौजूद थे।
उद्यान प्रभारी की हत्या से कर्मचारियों में आक्रोश
गोरखपुर। उद्यान विभाग के प्रभारी अधिकारी सत्येंद्र सिंह की हत्या से कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारी नेताओं ने रविवार को शोकसभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रुपेश कुमार श्रीवास्तव एवं अश्वनी श्रीवास्तव ने कहा कि सत्येंद्र सिंह राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के संयुक्त मंत्री थे। उनकी हत्या से कर्मचारी दहशत में हैं। शोकसभा में गणेश उपाध्याय, नुजरत हुसैन, अशोक पाठक, गोविंद जी, हरिमोहन, अरुण द्विवेदी, अनूप, विनोद कुमार पांडे, विजय शर्मा, हरिशंकर, फूलचंद, अरिवंद सिंह, उमेश आदि मौजूद थे।