चौरीचौरा(गोरखपुर)। क्षेत्र के तरकुलहा मेले में रविवार को दुकानदारों और मेला प्रबंधन से जुड़े लोगों के बीच बैनर लगाने के लिए हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पुलिस ने सोमवार को दुकान मालिक ऋषि कपूर की तहरीर पर मेला प्रबंधक ओपी जायसवाल, भाई, बेटे सहित 23 नामजद और 36 अज्ञात पर मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास सहित कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। वहीं सोमवार को मेले के दुकानदारों ने दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराया।
रविवार को मेले के दुकानदार जन्माष्टमी मनाने के लिए छत पर बैनर लगा रहे थे। इस दौरान ओपी जायसवाल और उनके लोगों ने बैनर में लिखी कुछ बातों पर विरोध जताया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। देर रात पुलिस ने मेला प्रबंधक ओपी जायसवाल व अन्य के खिलाप केस दर्ज कर लिया। मेला प्रबंधन की भी तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई थी। उनकी तहरीर पर अभी कार्रवाई नहीं हुई है।