एसबीआई के रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर को झांसे में फंसाकर एटीएम कोड हासिल करने वाले जालसाज ने ऑनलाइन खरीदारी कर उनके खाते से 1.12 लाख रुपये उड़ा लिए। रकम निकालने बैंक पहुंचे रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर को ठगी की जानकारी हुई तो होश उड़ गए। कैंट थाने में पीड़ित ने तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंट थानाक्षेत्र के दाउदपुर में रहने वाले रामबहादुर दुबे एसबीआई मेन ब्रांच में डिप्टी मैनेजर थे। उन्होंने कैंट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 25 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल की गई। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को बैंक मैनेजर बताकर एटीएम लॉक होने की जानकारी दी और कार्ड रिनूवल कराने के लिए एटीएम कार्ड का कोड नंबर मांगा। जालसाज की बातों में आकर उन्होंने एटीएम का कोड बता दिया।
26 फरवरी को जब वह खाते से कैश निकालने बैंक पहुंचे तो पता चला कि एक लाख 12 हजार 795 रुपये निकाले जा चुके हैं। बैंक में पड़ताल कराने पर ऑनलाइन खरीदारी की बात सामने आई। जिस मोबाइल नंबर से फोन आया था, वह भी बंद मिला। राम बहादुर की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।