खोराबार।
मोतीराम अड्डा में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने क्लीनिक में तोड़फोड़ की। नाराज लोगों ने सड़क जाम लगा दिया। सूचना के बाद तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और समझाबुझा का लोगों को शांत कराया। पीड़ित पक्ष ने डॉक्टर और कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोतीराम अड्डा-झंगहा रोड पर शांति क्लीनिक है। सोमवार को खोराबार के रामलखना गांव निवासी मुन्ना साहनी (50) को पैर में दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। मंगलवार की शाम तक डॉक्टर ने मरीज को छोड़ने की बात कहीं, लेकिन शाम को अचानक मुन्ना की तबियत खराब हो गई तो डॉक्टर रेफर की तैयारी में जुट गए। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद गुस्साएं परिजनों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना के बाद झंगहा, चौरी चौरा और खोराबार की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह विवाद को शांत कराया। मृतक के बेटे मनोज साहनी ने क्लीनिक के डॉक्टर, कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।