गोरखपुर। कोतवाली के चवरहिया गोला के पास बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल व्यापारी मासूम रज्जा (29) को गोली मार दी। पीठ और हाथ में गोली लगते ही वह तड़पने लगे। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि उनका इलाज शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
नसीराबाद के मासूम रज्जा की मोबाइल की दुकान है। मंगलवार की रात वह रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। अभी वह चवरहिया गोला के पास ही पहुंचे थे कि बाइक सवार बदमाशों ने उनपर फायरिंग कर दी। जान बचाते हुए मासूम रज्जा भागे। इस दौरान उनकी पीठ और हाथ में गोली लग गई। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारी गोली लगने से घायल हुआ है। जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।