गोरखपुर। पादरी बाजार पुलिस चौकी के पास ईस्टर्नपुर चौराहे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने रिटायर्ड रेलकर्मी की पत्नी गेंदा देवी से दिनदहाड़े एक लाख रुपये लूट लिए। घटना के समय वह एसबीआई से रुपये निकालकर पैदल घर जा रही थीं। सूचना मिलने पर एसएसपी सत्यार्थ अनिद्ध पंकज, एसपी सिटी विनय सिंह मौके पर पहुंचे। गेंदा देवी के बताए हुलिया के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है।
पादरी बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक पिपराइच के जंगल धूसड़ गांव के हैदरगंज टोला निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी गोरक्ष गांव में मकान बनवा रहे हैं। इसी के सिलसिले में उनकी पत्नी गेंदा देवी बैंक से रुपये निकालने पादरी बाजार पुलिस चौकी के पास स्थित स्टेट बैंक गई थीं। वह रुपये झोले में रखकर पैदल घर जा रही थीं। अभी वह चौकी से महज थोड़ी दूरी ईस्टर्नपुर चौराहे पर ही पहुंची थीं कि बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका झोला छीना और फरार हो गए। गेंदा देवी के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, मगर जब तक बदमाश फरार हो गए। राहगीरों की मदद से गेंदा देवी ने पुलिस और अपने बेटे को लूट की सूचना दी। पुलिस जांच कर रही है।