गोरखपुर। डॉक्टर श्वेतांक मल्ल ने बरेली की रहने वाली युवती, उसके पिता और जीजा पर रुपये हड़पने और धमकी देने का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि युवती ने मकान बनवाने के लिए रुपये उधार लिए थे। वापस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसा दिया। शाहपुर के राप्तीनगर फेज-3 निवासी डॉक्टर श्वेतांक मल्ल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 2005 से 2015 तक अलीगढ़ में रहकर उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई की। वहां उनकी पहचान बरेली के प्रेमनगर के राजेंद्रनगर निवासी अर्चना सिंह से हुई। वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी।
2012 में व्यक्तिगत जरूरत बताते हुए अर्चना ने उनसे 60 हजार रुपये उधार दिए थे। 2015 में एमएस की पढ़ाई कर वह गोरखपुर चले आए। फोन पर अर्चना ने मकान के निर्माण के लिए और रुपये उधार मांगे। मित्रता में उन्होंने उसे गोरखपुर बुलाकर दो लाख रुपये और दे दिए। डॉक्टर का आरोप है कि जरूरत पड़ने पर जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो अर्चना आनाकानी करने लगी। दबाव देने पर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। इसमें उन्हें जेल जाना पड़ा। शाहपुर पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।