सहजनवां। भीटी रावत चौराहे के पास फोरलेन पर दो ट्रकों में आमने सामने हुई टक्कर संत कबीरनगर के मनियरा निवासी चालक विनय की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। उनका अलग-अलग अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने आवागमन सुचारु कराया। तड़के साढ़े तीन बजे एक खाली ट्रक बिहार से संतकबीरनगर जा रहा था। दूसरी ओर गेहूं लादकर दूसरा ट्रक सहजनवां आ रहा था।
भीटी रावत चौराहे पर खाली ट्रक के चालक को झपकी आ गई। ऐसे में डिवाइडर तोड़ता हुआ ट्रक गेहूं लदे ट्रक से टकरा गया। टक्कर कितनी तेज थी, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चालक और खलासी उसी में फंस गए थे। गेहूं लदे ट्रक में भी चालक सहित दो लोग फंसे थे। आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में संत कबीरनगर के बनहैता निवासी दीपक चौधरी, बस्ती के छावनी के चौकड़ी निवासी रतीउल्लाह, राजकुमार और एक अन्य शामिल है।