गोरखपुर। जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को खूनीपुर मोहल्ले में गोदाम में छापामारी कर एक ट्रक से अधिक प्रतिबंधित थर्मोकोल के सामान और पॉलिथीन को जब्त किया। पकड़ा गया माल नगर निगम को सुपुर्द कर दिया गया और फर्म मालिक से जुर्माने के तौर पर 25 हजार रुपये वसूले गए। इसके अलावा टीम ने संदेह पर राजघाट थाना क्षेत्र का एक मकान सील कर दिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट अजीत सिंह को सूचना मिली थी कि खूनीपुर मोहल्ले की एक फर्म की ओर से अब भी प्रतिबंधित थर्मोकोल और पॉलिथीन से बनी सामग्री बेची जा रही है। उन्होंने एसडीएम सदर गजेंद्र कुमार और सहायक नगर आयुक्त संजय शुक्ला के अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों- कर्मचारियों के साथ छापामारी की। इस दौरान टीम ने मोहल्ले के सुनील ट्रेडिंग कंपनी की दुकान, गोदाम की सघन जांच की।
जांच में एक ट्रक से अधिक थर्मोकोल और पॉलिथीन से बनी सामग्री पकड़ी गई। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि इसी फर्म का राजघाट थाना क्षेत्र के एक मकान में भी गोदाम है। टीम वहां पहुंची तो ताला लटका मिला। पूछताछ के दौरान मकान या गोदाम का कोई मालिक सामने नहीं आया। सिटी मजिस्ट्रेट के मुताबिक खिड़कियों-दरवाजे से देखने पर भीतर की तरफ कुछ थर्मोकोल-पॉलिथीन दिखी। संदेह के आधार पर मकान सील कर दिया गया।
अभी भी धड़ल्ले से हो रहा इस्तेमाल
गोरखपुर। जिला प्रशासन और नगर निगम समेत कई विभागों के तमाम दावों के बाद भी शहर के कई इलाकों में अभी धड़ल्ले से प्रतिबंधित पॉलिथीन और थर्मोकोल से बनी सामग्रियों को इस्तेमाल हो रहा है। झारखंडी सब्जी मंडी, रुस्तमपुर, शास्त्री चौक, असुरन के अलावा शहर से सटे इलाकों में कई दुकानदार बेधड़क पॉलिथीन में सामान बेच रहे हैं।