बवाल के बाद लोगों को समझाती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
सहजनवां थानाक्षेत्र के खरैला गांव में शुक्रवार को कोटेदार के चयन के लिए आयोजित बैठक में बवाल हो गया। दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट में एक शख्स का सिर फट गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बवाल के बाद प्रशासनिक अफसरों ने चयन प्रक्रिया स्थगित कर दी। पुलिस ने गश्त कर गांव में शांति व्यवस्था कायम कराई और चार उत्पातियों को हिरासत में ले लिया। कई लोगों के खिलाफ शांतिभंग सहित कई धाराओं में केस भी दर्ज किया गया है।
खरैला गांव के कोटेदार ने कुछ दिनों पहले कोटे के दुकान से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ही डीएम के आदेश पर शुक्रवार को गांव में ग्रामीणों के बीच नए कोटेदार के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई। गांव के मनोज सिंह और अनिल सिंह समेत कई लोगों ने इसके लिए आवेदन किया था। जैसे ही प्रक्रिया आगे बढ़ी, इन दोनों पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इसमें अनिल पक्ष के दिनेश सिंह का सिर फट गया। मारपीट होने की सूचना पाते ही सहजनवां पुलिस मौके पर पहुंच गई। चुनाव कराने गए सहायक विकास अधिकारी कृषि रमेश द्विवेदी व अन्य लोगों को वहां से हटाया गया और चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बवाल के बाद ही आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने गांव में दबिश देकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।